26 दिस॰ 2011

क्यों है ज़रुरी, ग़ज़ल हो पूरी !


पड़े रहते हैं कई शेर कि कभी सुधारेंगे, कि कभी करेंगे ग़ज़ल पूरी। कभी हो जातीं हैं तो कभी रह जातीं हैं, होने को। फिर कभी लगता है कि एक-एक अकेला ही दमदार है तो उतार क्यों नहीं देते मैदान में! संकोच भी होता है इस तरह सोचते मगर क्या करें कि जो सोचा उसे कैसे झुठला दें, क्यों सेंसर कर दें!? तो लीजिए फिर....



हथेली पर कोई गर जान रक्खे
तो मुमकिन है कभी ईमान रक्खे 13-11-2010
*
पहले रस्ता रोकेंगे फिर राह बनाना सिखलाएंगे
जीते-जी मारेंगे तुझको और फिर जीना सिखलाएंगे 24-11-2010
*
सारी दुनिया में नहीं है सच से भी सच्ची जगह
मैं यहीं पर ठीक हूं हां, जाओ तुम अच्छी जगह 16-07-2010
*
धुंधली-धुंधली सूरतें हैं, चीख़ती कठपुतलियां
इस घिनौनी शक्ल को मैं हाय! कैसे दूं ज़ुबां 26-03-2011
*
बिके हुए लोग छाती तान के चले
नासमझ थे हम कि ज़िंदा मान के चले 20-08-2011
*
इक मैं हूं और इक तुम हो
अच्छे लोग बचे हैं दो
*
चेहरों जैसे लगे मुखौटे
बंदर कपड़े पहन के लौटे 20-08-2011
*
अपनी हिम्मत के कुछ तो मानी कर 27-04-2011
बेईमानों से बेईमानी कर

पहले बच्चों को बच्चा रहने दे 02-05-2011
क़ौम के नाम फिर जवानी कर

*
अपने-अपने अंधियारों में, कैसा पेचो-ख़म लगता था
वो मुझको ज़ालिम लगता था उसको मैं ज़ालिम लगता था 24-05-2011
*
मेरे तो हाल रहते थे बहुत ज़्यादा ही संजीदा
मुझे पहली हंसी छूटी, मिले जब लोग संजीदा 29-05-2011
*
चालाक़ियों की उम्र भले हो हज़ार साल
बारीक़ियां कभी-कभी कर जातीं हैं कमाल 29-05-2011
*
तुम्ही बताओ इसे किसकी मैं कमी समझूं
वो चाहते हैं बिजूके को आदमी समझूं

भरम का धुंआं जिसे ख़ुद उन्हींने छोड़ा था
उसे मैं कैसे उनकी आंख की नमी समझूं 11-10-2011
*
तमाशा ख़त्म होने जा रहा है
कि जोकर खोपड़ी खुजला रहा है

मज़ा लेने की आदत डर गयी है
मज़ा अब पास आता जा रहा है 20-12-2011
*
जिस दिन सारा खेल सामने आएगा
क्या खेलेगा! तुझपर क्या रह जाएगा 21-02-2011
*
वो जो मुझको सुधारने आए
मिरा ज़मीर मारने आए

हाए! रोशन-दिमाग़, मुश्क़िल में
तीरग़ी को पुकारने आए 12-01-2011
*
मैं तो गूंगा था निरा बचपन से
सच ने मुझको ज़ुबान बख़्शी है 12-01-2011
*
रात को दे दी ख़ुशी इक दोस्त ने
सुबह को इक दोस्त आकर ले गया 15-01-2011
*
राम के नाम हराम की तोड़ी छी छी छी
लाश पे बैठके खाई कचौड़ी छी छी छी 22-07-2011
*
दीदी-दीदी, भैया-भैया करते हैं
अंदर जाकर ता ता थैया करते हैं 22-07-2011
*
तुम मुझको पागल कहते हो! कह लो कह लो
जब तक सपनों में रहते हो, रह लो रह लो 23-07-2011
*
वो रोता था तो उसकी आंख चाकू-सी चमकती थी
मैं हंसता था तो मेरी आंख से आंसू निकलते थे

वो कैसा दौर, कितनी उम्र, सब छोड़ो कि ये जानो
हमारा अपना ढब था, अपनी धज थी, अपने रस्ते थे 08-08-2011
*
तुम तो कहते थे कि चोरों की निकालो आंखें
और ख़ुद पकड़े गए हो तो चुरा लो आंखें ! 27-06-2011
*
रात का हौवा दिखा कर ऐसी मत तुम सहर दो-
चींटियों को आटा दो और आदमी को ज़हर दो!!









*
तुमपे तो ज़िन्दगी के सभी राहो-दर हैं बंद
हम ही दीवाने होंगे क्योंकि हम हैं अक्लमंद  05-07-2001
*
हंगामा जब चोर करे है    25-01-2011
बासी साजिश बोर करे है

बात करे ताक़तवर जैसी   31-01-2011
हरकत क्यूं कमज़ोर करे है

ताज़ा करवट इधर को ली है  31-01-2011
देखो मुंह किस ओर करे है
*
यार तू होगा मर्द का बच्चा
मैं तो अकसर रो लेता हूं  19-01-2011
*
झूठों की बात झूठ से बच-बचके पूछिए
झूठों में दम है कितना, ज़रा सच से पूछिए 31-08-2010
*
बूंद आंखों से धुंएं में गिर पड़ी
रोशनी अंधे कुंए में गिर पड़ी

आदमी मंज़िल बना खुद एक दिन
और मंज़िल रास्ते में गिर पड़ी
*
फिर से ज़हरीली फज़ां में महक सी आने लगी
फिर खुदाओं के शहर में आया कोई आदमी

गोकि भगवानों के जंगल में बेचारा खो गया
फिर भी कहने को शहर में आदमी ही आदमी
*
कुछ हरे-भरे पत्ते, लो, ठूंठ पे ज़िन्दा हैं
वो धर्म के मालिक हैं जो झूठ पे ज़िन्दा हैं

गर बड़ों का बौनापन जो देखना है तुमको
उस कूबड़ को देखो जो ऊँट पे ज़िन्दा है
*
गर वो झुक-झुक के सलामी करता
शहर भर उसकी ग़ुलामी करता
*
जितना तुम रोकोगे मुझको उतना ज़ोर लगाऊंगा
जिनका तुमको इल्म नही मैं उन रस्तों से आऊंगा

आग लगाने वाले सारे पानी-पानी हो लेंगे
अंगारों के बीच खड़ा मैं जब आंसू बरसाऊंगा
*
करुण कथा की गायक थी
चुप्पी बहुत भयानक थी

सुख नालायक बेटे थे
दुख इक बेटी लायक थी

आसमान बंजर निकला
धरती तो फ़लदायक थी    14-01-2007
*









*
एक हिन्दू मिला और एक मुसलमां निकला
हाय ये दिन कि कोई दोस्त न इंसा निकला
*
मिले हमको खुशी तो हम बहुत नाशाद होते हैं
कि शायर अपनी बरबादी से ही आबाद होते हैं
*
जो बात सिर्फ ख़ास दोस्तों से थी कही गई
वो ख़ास बात ख़ास दुश्मनों तलक चली गई
*
ये क्या किया कि हिन्दू-मुसलमां सिखा दिया       01-05-2005
तुमने जवान बच्चों को बूढ़ा बना दिया
*
कई बार सोचा मैंने कि लोगों जैसा हो जाऊँ 07-12-2005
लेकिन वही पुरानी मुश्किल, खुदको कैसे समझाऊँ

इंसां की तरह दिखते थे, फ़नकार बहुत थे
इंसानियत के गिरने के आसार बहुत थे       13-06-06
*
मेरे बारे में इरादे उनके बिलकुल साफ़ थे
ख़ुदको गर मैं मार डालूं मेरे सौ खून माफ़ थे 13-06-06
*
वो जो जीना मुझे सिखाता है
ख़ुदको चुपके से बेच आता है                13-06-06
*
सितम वालों से बच-बचके, मददगारों से बच-बचके
वो जीवन काटता था इस कदर यारों से बच-बचके  23-06-06
*
मैं व्यवस्था से लड़ा और सर पटक कर रह गया
वे व्यवस्था में लगे और आके सर पे चढ़ गए       22-08-06
*
ऐ दोस्त मकड़ियों को भी संजीदगी से लो
दो पल भी ठहर जाएं तो बुन देती हैं जाले     27-08-06

मेरी दिलचस्पी न हिन्दू न मुसलमान में है
मैं हूँ इंसान अक़ीदा मेरा इंसान में है    19-12-2006
*
पिन मारा तो पता चला
कितना कुछ था भरा हुआ                    11-01-2002

अंधियारे में झांका तो
मैं ही मैं था डरा हुआ

ख़ाली कैसे मैं होता
ख़ालीपन था भरा हुआ                  03-02-2007
*
घुसा व्यवस्था के अंदर तो भेद समझ में यह आया
जिसकी जितनी नीच सोच थी उतना उच्च वो कहलाया  24-02-2007
*
एक तरफ़ ग़ज़लों का मेला
एक तरफ़ इक शेर अकेला
***

-संजय ग्रोवर

27 मई 2011

ईमानदार बाल मामाजी की बेईमान यादें-2

आखिरी बार तो मैं उनसे तब मिला था जब उनकी छोटी बेटी की शादी में उनके घर पहली बार गया। तब भी उनकी मानसिक स्थिति अच्छी नहीं थी। लेकिन उससे पहले एक बार जब वे हाथरस आए तो काफ़ी ठीक-ठाक थे। मैं भी बड़ा हो चुका था और चीज़ों को समझने का अपना एक नज़रिया मुझमें विकसित हो रहा था। वे कुछ दिन मैंने उनके साथ एक दोस्त की तरह काटे और अच्छे काटे। मैंने पाया कि बाल मामाजी एक बहुत ईमानदार और आदर्शवादी व्यक्ति थे। ईमानदार होना ही उनकी ज़्यादातर मुसीबतों और तक़लीफ़ों की जड़ था। लेकिन आश्चर्य की बात मुझे यह लगी कि अब तक उनका जो ज़िक्र मैं सुनता आया था उसके केंद्र में उनकी ईमानदारी की बात कहीं होती ही नहीं थी। अब सोचता हूं कि क्या ईमानदारी उस वक्त भी कोई क़ाबिले-ज़िक्र उपलब्धि या मूल्य नहीं था ! बाद में जो कुछ अनुभव मुझे ख़ुद हुए, मैंने पाया कि सच्चाई वाक़ई बेहद कड़वी है।
बहरहाल, बाल मामाजी कुछ रुढ़ क़िस्म के आदर्शवादी ज़रुर थे। जैसे, वे कहते कि लड़के और लड़की का संबंध आग़ और पैट्रोल की तरह होता है। सहशिक्षा के वे खि़लाफ़ थे। मैं उस वक्त तक अन्य साहित्य के साथ रजनीश को भी पढ़ने लगा था। मेरी बाल मामाजी से ख़ासी बहस होती। गांधीजी उन्हें बहुत पसंद थे और उनकी आलोचना उन्हें अच्छी नहीं लगती थी। उन्हें काका हाथरसी भी बहुत प्रिय थे। मुझे याद है जिस दिन वे काका से मिलकर आए, कितने प्रसन्न थे। इसपर भी मेरी उनसे बहस हो जाती। काका की किसी कविता की एक पंक्ति ‘रिश्वत पकड़ी जाए, छूट जा रिश्वत देकर’ उन्हें ख़ासी पसंद थी।
बाल मामाजी एक मुखर स्वभाव के व्यक्ति थे, संकोची कतई नहीं थे। घर पर आने वाले लोगों से वे स्वयं पहल करके बात करते थे। हां, जब उनकी बेरोज़गारी का ज़िक्र आता वे असहज हो जाते।
वे पक्के आस्तिक थे। नानाजी आर्यसमाजी थे और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। बाल मामाजी के आदर्श और आस्तिकता भी संभवतः वहीं से आए थे। किसी राजनीतिक दल, किसी वाद-विशेष, किसी समाज सेवी संस्था आदि-आदि से बाल मामाजी का कोई लेना-देना नहीं था।

उस दौरान पहली बार उन्होंने मुझे नौकरी छोड़ने का कारण बताया। बाल मामाजी मध्य प्रदेश में किसी ऐसी जगह सरकारी स्कूल में टीचर थे जहां भयानक अकाल पड़ता था। सरकारी मदद के तौर पर जो अनाज (जो कि शायद निहायत ही सस्ती सी कोई चीज़ होती थी) और पैसे आते थे, उनका वितरण स्कूलों के द्वारा भी होता था। बाल मामाजी ने बताया कि वहां भारी घपलेबाज़ी होती थी। ईमानदारी और आदर्शों के मारे बाल मामाजी से यह बर्दाश्त नहीं होता था। वे अकसर विरोध करते और शायद शिकायत भी करते थे। अंतत नतीजा वही हुआ कि बाल मामाजी को तरह-तरह से परेशान किया जाने लगा। विस्तार से तो नहीं पता, पर कुछ ऐसा हुआ कि वे बहुत डर गए और गए और नौकरी छोड़कर चले आए।
ख़ैर, यह सब बताकर, कुछ दिन और रहकर बाल मामाजी चले गए। फिर एक दिन ख़बर आयी कि बाल मामाजी ने आत्म-हत्या कर ली है। अगर मैं कहूं कि यह सुनकर मुझे दुख हुआ या मैं रोता रहा तो यह झूठ होगा। जैसी कष्टपूर्ण ज़िंदगी उनकी थी, उसमें उनके चले जाने में ही उनके और दूसरों के लिए राहत दिखाई पड़ती थी।
मगर कुछ सवाल वे छोड़ गए। जिनमें सबसे बड़ा सवाल मेरे लिए यह है कि क्या सीज़ाफ्रीनिया के सारे रोगी एक जैसे होते हैं और सबको एक ही नज़रिए से देखा जाना चाहिए ? मुझे नहीं याद आता कि कभी किसीने मुझे यह बताया हो कि बाल मामाजी बचपन से ही ऐसे थे। वे बात-बात पर शक किया करते थे या अपने विचारों को ठीक से व्यक्त नहीं कर पाते थे। मेरा मानना है कि हमें आम आदमी और एक ईमानदार आदमी के सीज़ोफ्रीनिया को एक ही निगाह से नहीं देखना चाहिए। जिस आदमी ने भी कभी अकेले दम भ्रष्टाचार से लड़ने या भीड़ के खि़लाफ़ खड़ा होने की कोशिश की है, वह समझ सकता है कि ऐसे में किस सामूहिक मानसिकता का सामना करना पड़ता है। हमारी हक़ीकत उम्मीद से कहीं ज़्यादा कड़वी है। यहां ईमानदार आदमी को पहले उपहास, दया और अपमान का पात्र बनाया जाता है, उसके बाद उससे तरह-तरह के सवाल पूछे जाते हैं। आप ईमानदारी की सिर्फ़ बातें करें, हर कोई आपसे ख़ुश रहेगा। मगर जैसे ही आप व्यवहारिक रुप से ईमानदारी पर उतरेंगे, वे लोग भी आपसे कतराने लगेंगे जिन्होंने बचपन से आपको आदर्श सिखाएं हैं। संगठित बेईमान आपको कटघरे में खड़ा कर देंगे। हांलांकि बाल मामाजी के साथ ऐसा नहीं था। नानाजी और नानीजी उनके प्रति नरम रवैय्या रखते थे। मगर मुश्क़िल शायद यह भी थी कि गांधीजी से प्रभावित नानाजी ने उन्हें आदर्श तो दे दिए थे मगर उन आदर्शों को पालने के लिए जो साहस चाहिए था, वह कहीं छूट गया था। मुश्क़िल यह भी थी कि बाल मामाजी सीघे, सरल और कुछ हद तक सपाट आदर्शवादी थे, रणनीतियां उन्हें नहीं आती थीं और इसमें शायद उनका विश्वास भी नहीं था। जबकि बेईमान व्यक्तियों/माफ़ियाओं की मानसिकता ऐसी होती है कि उन्हें अगर यह मालूम हो जाए कि यह आदमी मानसिक रोगी है तो वे इसका भी पूरा लाभ उठाने की कोशिश करते हैं। वे इतने संगठित, मनोविकृत, क्रूर और बदनीयत होते हैं कि ठीक-ठाक आदमी को भी पागल कर देने की क्षमता रखते हैं। ऐसे में एक अकेले पड़ गए ईमानदार और संवेदनशील व्यक्ति को समझने और उसकी मदद करने की बजाय सारा दोष उसके सीजोफ्रीनिया पर डालकर मामले को बिलकुल एकतरफ़ा बना देना क्या क्रूरता और नासमझी नहीं है !? क्या यह सीधे-सीधे बेईमान पक्ष को बढ़ावा या खुली छूट देना नहीं है ? 
दूसरा सवाल यह है कि बाल मामाजी अगर अपनी ईमानदारी के चलते बाहर ऐडजस्ट नहीं कर सकते थे तो क्या उन्हें घर के काम नहीं दिए जा सकते थे ? उन्हें मेहनत वाला कोई काम करने में ऐतराज़ नहीं था। आखि़र मर्द का बाहर जाकर 9 टू 5 नौकरी करना या 10 टू 10 व्यवसाय करना इतना ज़रुरी क्यों है ? यह कोई कुदरत की बनाई व्यवस्था तो है नहीं, इंसान ने ही बनाई है। तो फ़िर किसी इंसान की भलाई के लिए इसे तोड़ा या बदला क्यों नहीं जा सकता ? स्त्रियां भी तो आज घर से बाहर निकलकर काम कर रहीं हैं। ऐसा हमेशा से तो नहीं था।
तीसरा, जो मां-बाप अपने आदर्शवादी बच्चों का साथ नहीं दे सकते वे उन्हें आदर्श सिखाते ही क्यों हैं ?
ये सवाल जितने दूसरों के लिए हैं, उतने ही मेरे लिए भी सोचने के हैं।
आज अगर बाल मामाजी होते तो कोई वजह नहीं थी कि वह अन्ना हज़ारे के साथ जंतर-मंतर पर जाकर न बैठ जाते। वे एक बच्चे जैसे भोलेपन के साथ श्रद्धा किया करते थे।
आज जब भ्रष्टाचार-विरोध और ईमानदारी के नारों की धूम है, क्या दुनिया में ऐसा भी कोई व्यक्ति होगा जो बाल मामाजी को पागल नहीं बल्कि एक ईमानदार शख़्स के तौर पर याद करता होगा ?

-संजय ग्रोवर

पिछला हिस्सा